बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने आगामी होली पर्व के मद्देनजर रेंज के सभी जिलों की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलों में थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित किया जाए और होली को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए जाएं।
आईजीपी गर्ग ने सभी पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब के नशे में हुड़दंग करने वालों तथा त्योहार की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
होली दहन की संध्या से लेकर रंगोत्सव के अगले दिन तक सतत पेट्रोलिंग करने तथा संवेदनशील स्थानों पर पिकेट पॉइंट स्थापित कर सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गुंडा-बदमाशों की विशेष निगरानी, अवैध शराब विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई और नशीले पदार्थों का सेवन कर शांति भंग करने वालों पर प्रभावी कार्यवाही करने को कहा गया है।
आईजीपी ने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। रेंज पुलिस द्वारा हुड़दंगियों को चेतावनी स्वरूप जागरूकता संदेश एवं मीम जारी कर आमजन को नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर रामगोपाल गर्ग ने नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि त्योहार को उत्साह और उमंग के साथ मनाएं, किंतु नशाखोरी, ट्रिपल सवारी, अभद्र व्यवहार एवं दूसरों के उत्सव में बाधा डालने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
