दीपावली मिलन समारोह में विधायक बोहरा ने किया कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन
कवर्धा,08नवंबर (वेदांत समाचार) । पंडरिया विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करने विधायक भावना बोहरा ने हाई स्कूल मैदान पोलमी, पंडरिया में विधानसभा स्तरीय दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया। इस आयोजन में पंडरिया विधानसभा के लगभग 2500 से ज्यादा बूथ स्तर से लेकर सहसपुर लोहारा एवं पंडरिया जनपद, शक्ति केंद्र, नगर पालिका व पंचायत, कबीरधाम जिला भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भावना बोहरा, जिला पदाधिकारी एवं उपस्थित समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक साथ भोजन किया और दीपावली मिलन समारोह में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक सुनील सोनी और उनकी पूरी टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया, जिसमें कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ नाचते-गाते हुए नजर आए और एक दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दी।
भावना बोहरा ने समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और पार्टी एवं देश के प्रति उनकी निष्ठा, सेवा भावना,समर्पण एवं परिश्रम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता का परिश्रम,समर्पण और राष्ट्र प्रेम की भावना ही पार्टी व संगठन की असली शक्ति है। आज हमें विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी का गौरव आप सभी के खून-पसीने व परिश्रम की बदौलत मिली है। चुनाव हो या राष्ट्र सेवा, जनता की समस्याओं का निराकरण करना हो या किसी आपदा में उनकी सहायता, भाजपा का हर कार्यकर्ता एक कर्तव्यनिष्ठ सिपाही की तरह हमेशा अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए तत्पर रहता है। आपकी यह निःस्वार्थ भावना ने ही भाजपा को आज जन-जन के दिलों में बसाया है।
इस अवसर पर खैरागढ़ के पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से विश्व में भारत का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। आत्मनिर्भर भारत का मतलब है, एक ऐसा भारत जो अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर न हो, बल्कि अपनी ताकत से आगे बढ़े। यह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय अभियान है जो हमें आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने का लक्ष्य रखता है। आज प्रधानमंत्री के “हर घर स्वदेशी-घर-घर स्वदेशी” एवं “वोकल फॉर लोकल” जैसे अभियान देशवासियों को स्थानीय उत्पादों व कारीगरों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
आत्मनिर्भर भारत अभियान जिला संयोजक रामकुमार भट्ट ने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर है। आज भारत इम्पोर्ट की जगह एक्पोर्ट करने की दिशा में अग्रसर हो रहा है। स्थानीय उत्पादों एवं कारीगरों को प्रोत्साहन मिल रहा जिससे वैश्विक मंच पर भारत का प्रभुत्व भी बढ़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं, एक विचार है जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण है। कार्यक्रम में पंडरिया भाजपा मंडल अध्यक्ष बसंत वटिया जी ने आभार भाषण देते हुए उपस्थित समस्त कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।



