Vedant Samachar

T20 World Cup में हुआ ऐसा, तो एक ही दिन खेले जाएंगे दोनों सेमीफाइनल, ICC का खास नियम

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,03मार्च : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब आर-पार की जंग शुरू होने जा रही है, जिसे नॉकआउट स्टेज कहा जाता है. जहां एक भी हार टीम के ट्रॉफी जीतने के सपनों को चकनाचूर कर सकती है. सेमीफाइनल के मुकाबले 4 मार्च से शुरू होने वाले हैं, और फैंस में उत्साह का माहौल है. पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होगा, जो 4 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में शाम 7 बजे से खेला जाएगा. वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा, जो 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा. इन मैचों में हारने वाली टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.

ऐसा हुआ, तो एक ही दिन खेले जाएंगे दोनों सेमीफाइनल
नॉकआउट मैचों के लिए आईसीसी ने खास नियम बना रखे हैं. जिसके चलते एक स्थिति में ये दोनों मुकाबले एक ही दिन भी खेले जा सकते हैं. दरअसल, बारिश या खराब मौसम मैचों का मजा खराब ना करे, इसको ध्यान में रखते हुए आईसीसी ने दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है. अगर 4 मार्च को पहला मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाता है, तो वह 5 मार्च को खेला जाएगा. इसी तरह, अगर 5 मार्च का दूसरा मैच प्रभावित होता है, तो वह अगले दिन शिफ्ट हो सकता है.

खास बात यह है कि अगर पहला सेमीफाइनल रिजर्व डे पर खेला जाता है, तो दोनों सेमीफाइनल एक ही दिन यानी 5 मार्च को हो सकते हैं. ICC का यह नियम इसलिए बनाया गया है ताकि टूर्नामेंट का शेड्यूल ज्यादा प्रभावित न हो और फाइनल की तारीख पर असर न पड़े. हालांकि, दोनों सेमीफाइनल एक ही दिन होने पर मैचों का समय अलग-अलग होगा. नियम के मुताबिक, रिजर्व डे पर खेल दोपहर 3 बजे से शुरू किया जाएगा. इससे दोनों मैचों का समय आपस में नहीं टकराएगा, और फैंस दोनों अहम मुकाबलों का पूरा मजा ले सकेंगे. मैच के दिन अतिरिक्त समय भी दिया जाता है, लेकिन रिजर्व डे पर और ज्यादा लचीलापन रखा गया है ताकि नतीजा निकाला जा सके.

हर हाल में नतीजा निकालने की कोशिश
यह नियम नॉकआउट मैचों की अहमियत को देखते हुए बनाया गया है, जहां कोई भी टीम मौसम की वजह से नुकसान नहीं उठाए. फाइनल भी इसी तरह के नियमों के तहत होगा, लेकिन फिलहाल फोकस सेमीफाइनल पर है. टीम इंडिया के फैंस के लिए यह दौर रोमांचक है, क्योंकि घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला होगा. साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच भी कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है. इन मैचों की जीतने वाली टीमें 8 मार्च को ट्रॉफी जीतने के लिए भिड़ेंगी.

Share This Article