Vedant Samachar

कोरबा नगर निगम की समीक्षा बैठक: स्वच्छता महाअभियान, राजस्व वसूली और डिजिटल ई-फाइलिंग पर जोर

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 02 मार्च 2026 (वेदांत समाचार ) नगर पालिक निगम कोरबा के पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार स्थित एमआईसी कक्ष में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्वच्छता महाअभियान, विकास एवं निर्माण कार्यों, राजस्व वसूली, डिजिटल ई-फाइलिंग तथा समयसीमा के प्रकरणों की बिंदुवार और जोनवार समीक्षा की गई।

स्वच्छता महाअभियान की प्रगति पर विशेष फोकस

आयुक्त पाण्डेय के निर्देशन में 25 फरवरी से वार्डों एवं बस्तियों में मेगा स्वच्छता ड्राइव अभियान के रूप में संचालित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में साफ-सफाई कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किए जाएं। जोनवार समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

साथ ही प्रत्येक वार्ड में पीएम सूर्यघर कनेक्शन योजना के तहत जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर अधिक से अधिक कनेक्शन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

डिजिटल ई-फाइलिंग से स्मार्ट सिटी की ओर कदम

बैठक में डिजिटल ई-फाइलिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार निगम में डिजिटल फाइलिंग लागू की गई है, जिसके तहत राजस्व वसूली, जलकर, संपत्तिकर सहित विभिन्न मदों में डिमांड नोट व बिल ऑनलाइन जारी किए जा सकते हैं।

जोन कमिश्नर अब अवैध निर्माण के मामलों में ई-नोटिस जारी कर सकेंगे। विज्ञापन होर्डिंग सहित 28 प्रकार की सुविधाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे निगम को स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

31 मार्च से पहले राजस्व लक्ष्य हासिल करने के निर्देश

आयुक्त पाण्डेय ने राजस्व वसूली की जोनवार समीक्षा करते हुए 31 मार्च से पूर्व निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा कर हितग्राहियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने पर बल दिया।

विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में पीएम श्री स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की मदवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने कार्यों में अपेक्षित गति लाने और नए प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

अतिक्रमण पर सख्ती, सतत निगरानी के निर्देश

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम क्षेत्र में नया अतिक्रमण किसी भी स्थिति में न होने पाए। उन्होंने जोन कमिश्नरों एवं मैदानी अमले को नियमित भ्रमण कर अवैध कब्जों पर नजर रखने तथा अतिक्रमण दस्ते के सहयोग से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समयसीमा के प्रकरणों का समय पर निराकरण

कलेक्टर टीएल, जनदर्शन, मुख्यमंत्री जनचौपाल, पीजीएन प्रकरण, लोक सेवा गारंटी एवं अन्य समयबद्ध मामलों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयसीमा के भीतर करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त बी.पी. त्रिवेदी व पवन वर्मा, विभिन्न जोन कमिश्नर एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article