जांजगीर-चांपा, 2 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। नवागढ़ थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर गाली-गलौज और मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 119(1) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
मामले के अनुसार ग्राम गंगाजल निवासी चंद्रिका प्रसाद आजाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे गांव का ही सुरेश यादव उर्फ सुरेंद्र उसके घर के पास पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर रहा था। शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 66/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश शेंडे के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश यादव उर्फ सुरेंद्र (46 वर्ष), निवासी गंगाजल, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेंडे, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
