Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस की सख्त कार्रवाई: होली से पहले 300 डरावने मुखौटे जब्त

Vedant Samachar
2 Min Read

0 बलौदा क्षेत्र में विशेष अभियान, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर

जांजगीर-चांपा,02मार्च (वेदांत समाचार)। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। बलौदा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र की विभिन्न दुकानों की जांच की और लगभग 300 नग डरावने एवं भ्रामक मुखौटे जब्त किए। पुलिस को आशंका थी कि ऐसे मुखौटों का उपयोग कुछ असामाजिक तत्व पहचान छिपाकर हुड़दंग, मारपीट या अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए कर सकते हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। अधिकारियों के निर्देश पर जिले भर में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी गई है।

बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान डरावने, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले मुखौटे एवं सामान की बिक्री न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे त्योहार को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है। प्रशासन ने बताया कि त्योहार के दौरान लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है, ताकि होली का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Share This Article