कोरबा/उरगा,02मार्च (वेदांत समाचार)। उरगा थाना अंतर्गत क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त नहीं हो रही है, जिसके कारण अवैध गतिविधियों और चोरी की वारदातों में वृद्धि हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि खुलेआम गांजा, शराब, डीजल और कोयला की अवैध बिक्री जारी है, वहीं कबाड़ और चोरी के सामान का भी कारोबार फल-फूल रहा है।
दुकान में देर रात तोड़फोड़
ग्राम बरपाली में बीती रात करीब 11 बजे असामाजिक तत्वों ने चौक से लगभग 20 मीटर दूरी पर स्थित गुरु यादव के चिकन सेंटर में तोड़फोड़ की। घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य चौक के पास इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
पोल्ट्री फार्म से बोर की चोरी
इसी क्षेत्र में ग्राम पंचायत के उपसरपंच के पोल्ट्री फार्म से बोर (पानी निकालने का उपकरण) चोरी कर लिया गया तथा वहां उत्पात भी मचाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार चोरी और शरारती घटनाएं हो रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है।
आधी रात घर को बारूद से उड़ाने की कोशिश
बरपाली के सिंचाई कॉलोनी में रहने वाले विद्युत विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी माखन लाल निर्मलकर के घर पर बीती रात लगभग 2 बजे बम से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। धमाके से घर का लोहे का दरवाजा, टाइल्स और लेंटर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए और बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट में जिस बम का उपयोग किया गया, वह संभवतः पत्थर खदानों में चट्टान तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाला विस्फोटक हो सकता है। यदि एक-दो और विस्फोट किए जाते तो पूरा मकान धराशायी हो सकता था।
पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि उरगा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के कारण अवैध धंधे खुलेआम संचालित हो रहे हैं। कोरबा-चांपा मार्ग और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों में विशेष रूप से अवैध कारोबार और चोरी की घटनाएं बढ़ने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने, अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
