Vedant Samachar

KORBA:मासूम की मौत पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जताया दुख, निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश

Vedant samachar
2 Min Read

0.संजय नगर की लक्ष्मण बन बस्ती में दीवार गिरने की घटना से क्षेत्र में शोक

कोरबा,02 मार्च 2026। संजय नगर वार्ड की लक्ष्मण बन बस्ती में दो दिन पूर्व हुई दर्दनाक घटना के बाद नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन रविवार देर शाम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मासूम की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी।

गौरतलब है कि बस्ती में एक बाउंड्रीवॉल अचानक भरभराकर गिर गई थी, जिसकी चपेट में आने से चार वर्षीय धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सोनू कर्ष (20) और विशाल यादव (18) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

मंत्री देवांगन ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद स्थानीय लोगों से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर मामले की बारीकी से जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, भोलू यादव, पार्षद नरेंद्र देवांगन, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा और राकेश नागरमल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article