Vedant Samachar

Raipur Fraud: नकली गहने देकर प्राइवेट कर्मचारी से 2.50 लाख की ठगी, मां-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,01मार्च (वेदांत समाचार)। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित कलर्स मॉल के पास नकली सोने-चांदी के गहने देकर एक प्राइवेट कर्मचारी से 2.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अवंति विहार निवासी महेश कानस्कर एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 18 जनवरी को वह कलर्स मॉल स्थित एटीएम बूथ में पैसे निकालने गए थे। उसी दौरान वहां एक युवक भी पैसे निकालने आया, लेकिन उसके खाते से पैसे नहीं निकले। इस पर युवक ने महेश से बातचीत शुरू की और अपना नाम राजेश प्रजापति बताया।

बातचीत के दौरान राजेश ने बताया कि उसकी बहन की शादी है और उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। उसने महेश को झांसा दिया कि खुदाई के दौरान उसे सोने-चांदी के गहने मिले हैं, जिन्हें वह कम कीमत में बेचना चाहता है। भरोसा दिलाने के लिए उसने गहनों का एक सैंपल जांच के लिए दिया, जिसे जांच कराने पर असली बताया गया। इसके बाद महेश उसके झांसे में आ गए।

कुछ समय बाद राजेश और उसकी मां ने महेश को सोने-चांदी के कथित गहने सौंपे और बदले में 2.50 लाख रुपए नकद ले लिए। बाद में महेश ने गहनों की सराफा व्यापारी से जांच कराई, तो वे नकली निकले। इसके बाद उन्होंने आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

ठगी का एहसास होने पर महेश ने करीब दस दिन बाद न्यू राजेंद्र नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी राजेश प्रजापति और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Share This Article