Vedant Samachar

Operation Muskan : छाल पुलिस को बड़ी सफलता, दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,01मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना छाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लापता दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद करते हुए उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को जोबी क्षेत्र की दो नाबालिग बालिकाओं (उम्र 14 एवं 15 वर्ष) के 18 फरवरी से लापता होने की रिपोर्ट थाना छाल में दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 26/2026 एवं 27/2026 के तहत धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने परिजनों, सहेलियों से पूछताछ की और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि दोनों बालिकाओं को आखिरी बार गांव में काम करने आए राजमिस्त्री सीताराम सारथी के साथ देखा गया था।

पुलिस को पतासाजी के दौरान सूचना मिली कि संदेही और दोनों बालिकाएं घरघोड़ा क्षेत्र के सन स्टील प्लांट, टेंडा नवापारा में देखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि आरोपी ने उन्हें काम दिलाने और बेहतर देखभाल का भरोसा दिलाकर अपने साथ मध्यप्रदेश के अनूपपुर ले गया था।

पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराएं जोड़ते हुए आरोपी सीताराम सारथी (35 वर्ष), निवासी पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार फरवरी माह में दर्ज गुमशुदगी मामलों में 4 बालक और 12 नाबालिग बालिकाओं की रिपोर्ट दर्ज हुई थी, जिनमें से अब तक 17 नाबालिगों को सकुशल बरामद किया जा चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने अभिभावकों से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखने और उन्हें किसी के बहकावे में आने से बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत त्वरित और सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रखेगी।

Share This Article