जगदलपुर,01मार्च (वेदांत समाचार)। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में 23 जनवरी की रात हुई चोरी के मामले में बस्तर पुलिस ने चोर को पकड़ लिया है। पुलिस ने इसपर 10 हजार रुपए का इनाम भी रखा था। बताया जा रहा है कि पड़ोसी राज्य ओडिशा से इसकी गिरफ्तार हुई है। इसे जगदलपुर लाया गया है। पुलिस आज खुलासा कर सकती है।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए 9 टीमें गठित की थी। जिन्होंने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची। पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 23 जनवरी की रात मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर मंदिर के पीछे की तरफ का दरवाजा तोड़कर अंदर गया था। उसने देवी-देवताओं को अर्पित सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए थे। वहीं अगले दिन सुबह जब मंदिर के पुजारी पहुंचे तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
धार्मिक स्थल में चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुलिस की एक टीम को ओडिशा रवाना किया गया। पुलिस ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।
