Vedant Samachar

होली से पहले रायगढ़ पुलिस की सख्ती, 40 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए; अभिभावकों को बुलाकर काटा गया चालान

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 28 फरवरी (वेदांत समाचार)। आगामी होली पर्व को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, तेज रफ्तार और मॉडिफाइड सायलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच की गई।

जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 40 नाबालिग वाहन चालकों को वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी मामलों में संबंधित अभिभावकों को थाने बुलाया गया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रत्येक पर 1000-1000 रुपए का चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में उनके बच्चे दोबारा वाहन चलाते पाए गए तो वाहन जब्त करने के साथ-साथ अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान में तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले, बाइकर गैंग और मॉडिफाइड सायलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ऐसे वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था और यातायात सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना उनकी और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पुनरावृत्ति पाए जाने पर वाहन जब्त किए जाएंगे और अभिभावकों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कर शहर में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।

Share This Article