रायगढ़,27फरवरी (वेदांत समाचार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन रायगढ़ का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड ग्राउंड में आयोजित परेड की सलामी ली और अधिकारियों के नेतृत्व में प्लाटूनवार परेड अभ्यास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जवानों के अनुशासन, सजगता और परेड दक्षता का आकलन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान परेड ग्राउंड में बलवा ड्रिल का विशेष अभ्यास कराया गया। इस मॉक ड्रिल में एक टीम को बलवाई और दूसरी टीम में प्रशासन, पुलिस अधिकारी तथा मेडिकल टीम को शामिल कर वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास कराया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने ड्रिल में शामिल होकर जवानों को बलवा नियंत्रण की रणनीति, समन्वय और अनुशासन के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया।
इसके बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित वाहन शाखा, आर्म्स शाखा, स्टोर और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) का निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों और उनके रखरखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
मीडिया से चर्चा के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बलवा ड्रिल नियमित प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस बल पूरी तैयारी और समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई कर सके। उन्होंने बताया कि इस तरह के अभ्यास से जवानों की कार्यक्षमता और आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता मजबूत होती है और यह रायगढ़ पुलिस की नियमित प्रशिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा है।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक अजय नागवंशी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, निरीक्षक सुखनंदन पटेल, रामकिंकर यादव, मोहन भारद्वाज सहित पुलिस लाइन और शहर के विभिन्न थानों का स्टाफ उपस्थित रहा।
