Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस ने ठगी रोकने जागरूकता अभियान शुरू किया, एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने पोस्टर का किया विमोचन

Vedant Samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा,27फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में किसानों और ग्रामीण नागरिकों के साथ बैंक से पैसे निकालकर घर लौटते समय हो रही ठगी की घटनाओं को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने जागरूकता संबंधी पोस्टर का विमोचन किया और लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हाल के दिनों में ठग बैंक से धनराशि निकालकर लौट रहे किसानों और ग्रामीणों को विभिन्न तरीकों से निशाना बना रहे हैं। कई मामलों में ठग मदद के बहाने पास आकर रकम गायब कर देते हैं या ध्यान भटकाकर बैग बदल देते हैं। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आम नागरिकों, विशेष रूप से किसानों को सतर्क और जागरूक रहना जरूरी है।

पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि अधिक राशि निकालते समय अकेले न जाएं और किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें। बैंक परिसर और उसके आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें तथा किसी अज्ञात व्यक्ति की सहायता लेने से बचें। पैसे गिनने, बैग बदलने या ध्यान भटकाने जैसी गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या पुलिस कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 97491-93199 पर देने के लिए कहा गया है।

पुलिस ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को अज्ञात कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करने की चेतावनी भी दी है। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करने और बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगने वाले कॉल से सतर्क रहने को कहा गया है। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर रोक लगाई जा सके।

Share This Article