दुर्ग,24अगस्त (वेदांत समाचार) : दुर्ग पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लूट, अवैध तरीके से शराब बिक्री और चोरी के मामले में 4 आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि, सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पहला मामला भिलाई-3 का है। 10 अगस्त की रात नंदिनी रोड छावनी के पास दो बाइक सवारों ने लिफ्ट देने के बहाने कृष्णा दास मानिकपुरी 5 हजार रुपए के जेवरात छीन लिए थे। जामुल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से खुर्सीपार के एस अमन और एस थामस को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद किया है। दूसरे मामले में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने पुलगांव पुल के पास कार्रवाई की है।
गंजपारा निवासी अमन उर्फ यमन गोंड़ को 32 पौवा देसी शराब के साथ पकड़ा गया। आरोपी के पास से 5.760 लीटर शराब और 3350 रुपए कैश जब्त किया। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
तीसरे मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। जहां सईद खान की एक्टिवा स्कूटी घर के सामने से चोरी हो गई थी। जांच में पता चला कि आरोपी ने स्कूटी लौटाने के बदले 6 हजार रुपए की मांग की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी आदित्य बाग उर्फ आदि (निवासी रायपुर, हाल स्मृति नगर, दुर्ग) को गिरफ्तार किया।
उसके पास से चोरी की स्कूटी, मोबाइल और चाकू बरामद किया। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सुपेला पुलिस ने उसे बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
