बीजापुर, 26 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जांगला थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रावती नदी के आसपास जंगलों में बुधवार सुबह पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए हैं। घटनास्थल से हथियार, विस्फोटक एवं अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना मिली थी। इसके आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम को माओवादी विरोधी अभियान पर रवाना किया गया। अभियान के दौरान बुधवार सुबह जंगल क्षेत्र में पहले से घात लगाए माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाला। दोनों ओर से कुछ समय तक चली मुठभेड़ के बाद नक्सली जंगल की आड़ लेकर फरार हो गए।
मुठभेड़ के उपरांत क्षेत्र की सघन तलाशी ली गई, जिसमें दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद हुए। मौके से एक एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री तथा दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि पूरे क्षेत्र में सर्च अभियान अभी भी जारी है और विस्तृत रिपोर्ट पृथक से जारी की जाएगी। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
