बिलासपुर, 25 फरवरी 2026। राजकिशोरनगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई चर्चित लूट की घटना और सीपत क्षेत्र में सामने आई आपराधिक वारदातों के मद्देनज़र बिलासपुर पुलिस एवं सराफा व्यापारियों की संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बिलासा गुड़ी स्थित चेतना हॉल में हुई इस बैठक की अध्यक्षता एसएसपी रजनेश सिंह ने की, जिसमें जिले भर के सराफा व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक से पूर्व प्रदेश सराफा संघ के अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन गोल्ड’ के तहत अंतरराज्यीय गिरोह को मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार करने वाली 11 सदस्यीय पुलिस टीम का सम्मान किया गया। इस अवसर पर आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल सहित अभियान में शामिल अधिकारियों व जवानों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि जिले की अब तक की सबसे बड़ी लूट की घटना को जिस तत्परता और समन्वय के साथ सुलझाया गया, वह पुलिस की ऐतिहासिक उपलब्धि है। त्वरित कार्रवाई से न केवल आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हुई, बल्कि लूटे गए सामान की सुरक्षित बरामदगी से व्यापारियों का विश्वास भी बहाल हुआ। उन्होंने इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग को भी सराहनीय बताया।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी, जिसका परिणाम रहा कि गिरोह 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि आम नागरिक भी सुरक्षा तंत्र का अहम हिस्सा हैं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने व्यापारियों को कड़े सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश देते हुए उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, आभूषणों के अनावश्यक परिवहन से बचने तथा दुकानों में सुरक्षित भंडारण व्यवस्था सुदृढ़ करने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध संघ स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अप्रैल माह में सराफा संघ के सदस्यता नवीनीकरण की प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रहेगा। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों की सदस्यता नवीनीकृत नहीं की जाएगी।
‘ऑपरेशन गोल्ड’ विशेष टीम (मिर्जापुर अभियान)
- उप पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार
- निरीक्षक किशोर केवट, थाना प्रभारी सिरगिट्टी
- उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, थाना सरकंडा
- प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह (क्र. 277), थाना सरकंडा
- प्रधान आरक्षक अतीश पारीक (क्र. 303), ACCU बिलासपुर
- आरक्षक सरफराज खान (क्र. 1148), थाना तोरवा
- आरक्षक आशीष राठौर (क्र. 1124), थाना सिविल लाइन
- आरक्षक वीरेंद्र गंधर्व (क्र. 487), थाना पचपेड़ी
- आरक्षक सत्य पाटले (क्र. 1484), थाना सरकंडा
- आरक्षक वीरेंद्र साहू (क्र. 1170), थाना सरकंडा
- आरक्षक खोहाली केवेंट
यह बैठक हालिया घटनाओं के बाद सुरक्षा रणनीति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। पुलिस और सराफा व्यापारियों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा भविष्य में अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करने की दृष्टि से इसे अहम कदम बताया जा रहा है।
