कोरिया,25फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में एक (SI) सब इंस्पेक्टर 25 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ाया है। पोड़ी चौकी में पदस्थ SI अब्दुल मुनाफ और ASI ध्रुव प्रसाद यादव ने मर्डर केस में फंसाने की धमकी दी और इससे बचाने के लिए गांव के ही एक किसान से रिश्वत मांगी थी। मामला पोड़ी चौकी थाना क्षेत्र का है।
21 फरवरी को किसान ने ACB में इसकी शिकायत कर दी। किसान जब चौकी में पैसे देने पहुंचा तो टीम ने SI अब्दुल को पैसे लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। ACB की कार्रवाई का वीडियो सामने आया है। जिसमें पुलिसकर्मी ने अपने बचाव में पैसा मांगने का सबूत मांगा। ASI भी इस घटना में शामिल था। पुलिस ने उसे अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है।
अब जानिए पूरा मामला
ग्राम पोड़ी में 21 फरवरी (शनिवार) को किसान सत्येंद्र प्रजापति ने घर निर्माण के लिए मजदूर मोहित घसिया से ईंट बनवाई थी। मजदूर ने ईंट निर्माण के लिए गड्ढा खोदा था, जिसमें उसके बेटे की पानी में डूबने मौत हो गई थी।
उसी रात मामला थाने पहुंचा था। बचरा पोड़ी में पदस्थ SI अब्दुल मुनाफ और ASI ध्रुव प्रसाद यादव मामले की जांच के लिए गांव पहुंचे थे। दोनों ने किसान सत्येंद्र के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज न करने और मामला रफा दफा करने का ऑफर दिया और 50 हजार मांगे। किसान सत्येंद्र ने इतनी बड़ी रकम ना दे पाने की बात कही तो, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मर्डर केस में फंसाने की धमकी दी और इसे केस से बचाने के लिए पैसे मांगे थे। जिसके बाद किसान पैसे देने के लिए राजी हो गया था। किसान ने कहा था कि धान का पैसा 24 फरवरी को मिलेगा। उसी दिन वह पैसे दे देगा। इसी बीच 22 फरवरी को ASI ध्रुव प्रसाद यादव का ट्रांसफर हो गया। वे अंबिकापुर चले गए।
किसान 24 फरवरी (मंगलवार) को पैसा लेकर चौकी पहुंचा। किसान ने पहले ही ACB को शिकायत दे दी थी। एंटी करप्शन ब्यूरों की 6 सदस्यीय टीम पहले से चौकी के आसपास मौजूद थी।
ACB की रंगे हाथ पकड़ने की कार्रवाई
ACB के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि 24 फरवरी को टीम बचरा-पोड़ी पहुंची। शिकायतकर्ता सत्येंद्र प्रजापति को केमिकल लगे 25 हजार रुपए देकर चौकी के अंदर भेजा गया। संजय प्रजापति ने चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपए दिए और तय इशारा किया।
इशारा मिलते ही ACB की टीम चौकी के भीतर पहुंची और चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को हिरासत में ले लिया। उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई। चौकी में पदस्थ ASI गुरू प्रसाद यादव को भी हिरासत में लिया गया।
बच्चे की मौत की जांच में मांगी गई थी रिश्वत
डीएसपी ने बताया कि सत्येंद्र प्रजापति ने घर निर्माण के लिए मोहित घसिया से ईंट बनवाई थी। ईंट निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मोहित घसिया के बेटे की मौत हो गई थी। मामले की जांच बचरा-पोड़ी में पदस्थ ASI ध्रुव प्रसाद यादव कर रहे थे। आरोप है कि सत्येंद्र प्रजापति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज न करने और केस को रफा-दफा करने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की गई।
शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
मामले की शिकायत मिलने पर 21 फरवरी 2026 को ACB ने एफआईआर दर्ज की। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए बचरा-पोड़ी पहुंचकर ट्रैप की कार्रवाई की।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
ACB ने SI अब्दुल मुनाफ और ASI ध्रुव प्रसाद यादव के खिलाफ धारा 7 और 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। आगे की जांच जारी है।
