Vedant Samachar

ऑपरेशन प्रहार: अवैध कबाड़ से भरे 4 ट्रक जब्त, चार गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़ ,25फरवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर नकेल कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा थाना पुलिस ने अवैध कबाड़ से भरे चार ट्रकों को जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

80 टन कबाड़ जब्त, कुल माल की कीमत 82 लाख रुपए
पुलिस को 23 फरवरी की दोपहर मुखबिर से सूचना मिली थी कि घरघोड़ा से रायगढ़ की ओर चार ट्रकों में अवैध कबाड़ ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने समारूमा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर ट्रकों को रोका। तलाशी के दौरान ट्रकों में लोहे के एंगल, पाइप, टिन एवं अन्य कबाड़ सामग्री पाई गई।

जब्त कबाड़ का कुल वजन लगभग 80 टन है, जिसकी बाजार कीमत करीब 28 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। चारों ट्रकों सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 82 लाख रुपये बताई गई है।

ट्रकों से जब्त कबाड़ का विवरण
ट्रक क्रमांक CG14D0528 – 11 टन
ट्रक क्रमांक CG04ML3765 – 25 टन
ट्रक क्रमांक CG15AC4339 – 15 टन
ट्रक क्रमांक AP31TF7866 – 29 टन

आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 09/2026, 10/2026, 11/2026 और 12/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए चालक
पुलिस पूछताछ के दौरान ट्रक चालकों द्वारा कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिससे कबाड़ के चोरी की संपत्ति होने का संदेह गहराया। कार्रवाई के दौरान कुछ चालकों ने विरोध भी किया, जिस पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपी
सुल्तान खान (60 वर्ष), ग्राम कुनकुरी, जिला जशपुर
जाकिर मोहम्मद (30 वर्ष), गेरवानी, थाना पूंजीपथरा, जिला रायगढ़
महकुल अहमद (50 वर्ष), चैनपुर, थाना उमाव, जिला बलिया (उ.प्र.)
रघुबीर यादव (45 वर्ष), गडिगया, थाना नोहटा, जिला दमोह (म.प्र.)

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़, चोरी की संपत्ति और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के नेतृत्व में थाना पूंजीपथरा पुलिस टीम द्वारा की गई।

Share This Article