Vedant Samachar

अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की इक्को कार बरामद,अकलतरा पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा, बिलासपुर ज्वेलरी लूट में था इस्तेमाल

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,25फरवरी (वेदांत समाचार)। अकलतरा पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से अमलीपाली से चोरी हुई इक्को कार क्रमांक CG 13 N 0999 के संबंध में अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इसी वाहन का उपयोग बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में करोड़ों रुपये की सोना-चांदी और नकदी की लूट की वारदात में किया गया था।

प्रार्थी दुष्यंत, निवासी ग्राम अमलीपाली, थाना अकलतरा ने 16-17 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनकी इक्को कार चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 303(2), 112(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त कार का उपयोग सरकंडा थाना, जिला बिलासपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 219/2026 (बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराएं) में किया गया है। आरोपियों ने वारदात से पहले अंबिकापुर से एक मोटरसाइकिल चोरी की और बाद में अमलीपाली से इक्को कार चोरी कर दोनों वाहनों से लूट की योजना को अंजाम दिया। घटना के बाद वाहन घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए थे, जिन्हें बिलासपुर पुलिस ने जप्त कर लिया था।

बिलासपुर पुलिस की सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने घेराबंदी की। मिर्जापुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में विधिवत प्रक्रिया पूरी कर उन्हें छत्तीसगढ़ लाया गया। तकनीकी जांच में इंजन और चेसिस नंबर का मिलान कर वाहन की पुष्टि की गई। पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्रवाई SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय और टीम द्वारा की गई।

Share This Article