Vedant Samachar

बस्तर पुलिस ने 42 किलो गांजा, पिस्टल और कारतूस के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बोधघाट पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42.431 किलोग्राम अवैध गांजा, एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक इन्नोवा वाहन, नकदी और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 21 लाख 21 हजार 550 रुपये बताई गई है, जबकि वाहन की कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 फरवरी 2026 की रात थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक सिल्वर रंग की इन्नोवा वाहन क्रमांक OD02K8007 में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जगदलपुर की ओर सप्लाई करने आ रहे हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-63 स्थित आड़ावाल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध इन्नोवा वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार दोनों व्यक्ति पुलिस को देखकर घबराने लगे और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बाल्बो उर्फ बल्लब भत्तरा (40 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरगुड़ा, थाना पापडाहांडी, जिला नबरंगपुर (ओडिशा) और अमरज्योति हिरन (44 वर्ष), निवासी ग्राम खोलीगुड़ा, थाना दाबूगांव, जिला नबरंगपुर (ओडिशा) बताया।

वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट में भूरे रंग के टेप से लिपटे कुल आठ पैकेटों में 42.431 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी मिले। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गांजा, पिस्टल, कारतूस, इन्नोवा वाहन, 2,200 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को 24 फरवरी 2026 को विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक ललित नेगी, प्रमोद ठाकुर, लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक सुनील मनहर सहित थाना स्टाफ और बस्तर फाइटर के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article