Vedant Samachar

IND W vs AUS W: स्मृति मंधाना- हरमनप्रीत की फिफ्टी बेकार, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में भारत की हार

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,24 फरवरी : ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने भारत को पहले वनडे में 6 विकेट से हरा दिया. ब्रिसबेन में खेले मुकाबले में भारत ने स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर की अर्धशतकीय पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 50 ओवर में 215 रन बनाने का लक्ष्य रखा था. मेजबान टीम ने भारतीय महिलाओं के दिए इस लक्ष्य को 4 विकेट खोकर 70 गेंद बाकी रहते ही हासिल कर लिया.

भारत की शुरुआत रही खराब
मुकाबले में टॉस भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जीता था और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. मगर भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. स्कोर बोर्ड पर रन भी नहीं जुड़े थे कि ओपनर प्रतिका रावल को बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटना पड़ा. उसके बाद 25 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम ने शेफाली वर्मा का भी विकेट गंवा दिया. टीम का स्कोर अभी 50 की दहलीज लांघा ही था कि ऑस्ट्रेलिया ने जेमिमा रोड्रिग्ज को भी आउट हो गई. भारत को ये तीनों बड़े झटके 11.2 ओवर में 52 रन के स्कोर पर लगे.

स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत की पारी गई बेकार
एक छोर से गिरते विकेटों के बीच स्मृति मंधाना हालांकि दूसरे छोर को संभाले खड़ी थीं. वो कुछ शानदार शॉट लगाए. स्मृति को मिडिल ऑर्डर में उतरीं कप्तान हरमनप्रीत कौर का बढ़िया साथ मिला. दोनों ने मिलकर पार्टनरशिप करने की कोशिश की. इस बीच स्मृति ने अपना अर्धशतक पूरा किया. मगर वो अपने उस स्कोर को और बड़ा रुप नहीं दे सकीं.

भारत को 100 रन के स्कोर पर चौथा झटका स्म़ृति मंधाना के तौर पर लगा, जिन्होंने 7 चौके की मदद से 68 गेंदों पर 58 रन बनाए. उनके आउट होने के बाद हरमनप्रीत ने भारतीय स्कोर बोर्ड को आगे बढ़ाने की अच्छी कोशिश की मगर उसमें उन्हें दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष का ज्यादा सहयोग नहीं मिला. इसी का नतीजा रहा कि भारतीय टीम 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और ज्यादा बड़ा स्कोर भी नहीं बना सकी.

भारत की पूरी टीम 48.3 ओवर में 214 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. इसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर का योगदान 84 गेंदों पर 53 रन का रहा.

भारत की हार, ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में बढ़त
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम को जीत के लिए 215 रन बनाने का लक्ष्य मिला, जिसे उन्होंने 38.2 ओवर में ही 4 विकेट खोकर चेज कर लिया. ऑस्ट्रेलिया के लिए उसकी कप्तान एलिसा हीली ने ओपनिंग करते हुए कमाल की फिफ्टी जड़ी. उनके अलावा बेथ मूनी ने 76 रन की पारी खेली. पहला वनडे जीतते ही ऑस्ट्रेलिया की टीम 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है.

Share This Article