रायपुर ,24फरवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तरीय ‘‘कान्यकुब्ज प्रीमियर लीग-2026’’ का भव्य शुभारंभ मंगलवार को हुआ। बैरन बाजार स्थित आशीर्वाद हायर सेकेंडरी इंग्लिश स्कूल के माध्यम से कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के तत्वावधान में कान्यकुब्ज युवा मंडल द्वारा इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह लीग 27 फरवरी तक सुभाष स्टेडियम, नलघर चौक, रायपुर में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें आशीर्वाद इलेवन रायपुर, द्रोणाचार्य इलेवन रायपुर, परशुराम इलेवन रायपुर, श्री भारद्वाज बस्तर, चाणक्य चैलेंजर्स, महाकाल इलेवन, महर्षि विश्वामित्र इलेवन बिलासपुर और महर्षि कणाद इलेवन राजनांदगांव शामिल हैं।
उद्घाटन मैच 24 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से आशीर्वाद इलेवन बनाम महर्षि विश्वामित्र इलेवन तथा महाकाल इलेवन बनाम महर्षि कणाद इलेवन के मध्य खेला गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ समाज के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, सचिव राजकुमार दीक्षित और संरक्षक एवं पूर्व विधायक वीरेन्द्र पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर महर्षि आशीर्वाद इलेवन, द्रोणाचार्य इलेवन एवं चाणक्य चैलेंजर्स की जर्सी का विमोचन भी अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, सचिव राजकुमार दीक्षित और संरक्षक वीरेन्द्र पाण्डेय द्वारा किया गया।
प्रीमियर लीग के संयोजक मंडल में संगम तिवारी, प्रभात पाण्डेय, राघवेन्द्र पाठक, लखन लाल बाजपेयी, अभिषेक मिश्रा, आशीष बाजपेयी, अजय बाजपेयी एवं आशुतोष द्विवेदी सहित कान्यकुब्ज युवा मंडल के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर युवाओं और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
