Vedant Samachar

KORBA BREAKING : शादी से इनकार पर युवती ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत…

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,24फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत सेन्द्रीपाली गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक 19 वर्षीय युवती द्वारा जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवती ने कथित रूप से अपने प्रेमी द्वारा शादी से इनकार किए जाने से आहत होकर यह कदम उठाया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान कृष्णो कुमारी (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 12 भाई-बहनों में पांचवें नंबर की थी और अपनी बड़ी बहन व जीजा के साथ रहती थी। उसके पिता साधराम मजदूरी और खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव के ही रोशन कुमार (21) से करीब तीन वर्ष पहले युवती की पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवक का युवती के घर आना-जाना भी था। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के संबंधों की जानकारी दोनों परिवारों को भी थी। युवती शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक और उसके परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर युवती मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।

बताया जाता है कि सोमवार को युवती ने गांव के पास जंगल में जहर का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी बहन को फोन कर इसकी सूचना दी और किसी तरह घर पहुंची। परिजनों ने उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। आगे की जांच के लिए प्रकरण करतला थाना भेजा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article