Vedant Samachar

पीडी कॉलेज के रासेयो स्वयंसेवकों ने किया औद्योगिक भ्रमण…

Vedant Samachar
5 Min Read

रायगढ़,23फरवरी (वेदांत समाचार)। शासकीय पालूराम धनानिया वाणिज्य एवं कला महाविद्यालय रायगढ़ के राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष संयुक्त शिविर के तृतीय एवं चतुर्थ दिवस का प्रारंभ सुबह की प्रभात फेरी से किया गया। तृतीय दिवस रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संतोष कुमार नायक एवं महिला इकाई डॉ. उषा नायक के नेतृत्व में स्वयंसेवकों के द्वारा बड़े भंडार स्थित अडानी पावर प्लांट का औद्योगिक भ्रमण किया गया। औद्योगिक भ्रमण अडानी पावर प्लांट सी एस आर विभाग के अधिकारी नीरज सहिस के सहयोग से किया गया।

औद्योगिक भ्रमण के अंतर्गत सर्वप्रथम स्वयंसेवकों को पावर प्लांट से विद्युत उत्पादन करने की प्रक्रिया एवं तकनीकी जानकारी से अवगत कराया गया। साथ ही बिजली उत्पादन में प्रयोग होने वाले आवश्यक सामानों तथा विद्युत वितरण से संबंधित जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने पावर प्लांट के संबंध में अपने जिज्ञासु प्रश्नों का उत्तर प्राप्त किया। औद्योगिक भ्रमण के अंतर्गत स्वयंसेवकों को पावर प्लांट के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करवाया गया। औद्योगिक भ्रमण के अंतर्गत स्वयंसेवकों को जलपान, भोजन, टी-शर्ट एवं टोपी भी उपलब्ध करवाया गया। बौद्धिक परिचर्चा में स्वयंसेवकों ने साइबर सुरक्षा एवं साइबर क्राइम, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण जागरूकता, जनसंख्या वृद्धि की समस्या तथा 2047 में विकसित भारत में युवाओं की भूमिका पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किये।

बौद्धिक परिचर्चा में स्वयंसेवकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया तथा उपरोक्त समस्याओं पर गंभीरता पूर्वक विचार एवं उसका समाधान करने पर अपनी अपनी जानकारी प्रस्तुत की। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संतोष कुमार नायक ने उपरोक्त ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार पूर्वक अपनी बात रखते हुए कहा कि सभी समस्याओं से निपटने एवं समाधान ढूंढने में तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को अपनी जिम्मेदारी समझना होगा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। डॉ. उषा नायक ने कहा कि भारत तभी विकसित राष्ट्र बन सकता है जब सभी लोग अपनी अपनी जिम्मेदारी तत्परता के साथ निभाएं। हर व्यक्ति को इसकी शुरूआत स्वयं से करनी होगी तभी समाज एवं राष्ट्र का विकास हो सकेगा। वहीं, शाम को स्वयंसेवकों के द्वारा ग्राम संपर्क किया गया इसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार की जानकारियां स्वयंसेवकों द्वारा एकत्रित की गई। रात्रि में स्वयंसेवकों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

जिसके अंतर्गत देशभक्ति से संबंधित नृत्य, लोक नृत्य एवं जागरूकता हेतु नाटक प्रस्तुत किए गए। इस प्रकार से राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थिति दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इधर, कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार नायक एवं डॉ. उषा नायक के नेतृत्व में चतुर्थ दिवस का प्रारंभ प्रातः के प्रभात फेरी से किया गया। परियोजना कार्य के अंतर्गत ग्राम टिनमिनी के गलियों तथा नालियों की साफ सफाई एवं स्कूल परिसर के बाउंड्री वाल की पुताई की गई।

जिला संगठक भोजराम पटेलने किया निरीक्षण
शिविर के चतुर्थ दिवस में बौद्धिक परिचर्चा के अवसर पर जिला संगठक भोजराम पटेल ने शिविर का निरीक्षण किया। भोजराम पटेल शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व का विकास होता है। राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों के चरित्र निर्माण का कार्य करती है। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना, ध्येय वाक्य, लक्ष्य गीत, प्रतीक पुरुष आदि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की। अपने प्रेरक एवं ओजस्वी पूर्ण उद्बोधन में गीतों के माध्यम से श्री पटेल ने स्वयंसेवकों को नशे से दूर करने के लिए प्रेरित किया तथा समाज में व्याप्त इस कुरीति को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए आवाहन किया। अपने उद्बोधन में पटेल ने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए सभी लोगों को नशे से दूर रहना होगा।

उन्होंने समय के महत्व के बारे में समझाते हुए कहा कि सभी को समय समान रूप से मिला है और जो व्यक्ति समय का सदुपयोग करता है उसको सफलता एवं मंजिल अवश्य मिलती है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उषा नायक एवं संतोष कुमार नायक के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्होंने शिविर की सफलता के लिए शुभकामना दी। शाम को स्वयंसेवकों के द्वारा ग्राम का भ्रमण किया गया तथा आवश्यक सर्वेक्षण किए गए। रात्रि में स्वयंसेवकों एवं ग्रामीण जन द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें देशभक्तिपूर्ण नृत्य, लोक नृत्य एवं नाटक प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों नए लोगों को जागरूक करने के लिए शिक्षाप्रद नाटक प्रस्तुत किया जिसका ग्राम वासियों द्वारा भरपूर आनंद लिया गया।

Share This Article