यूथ कांग्रेस ने प्रदेश के पूर्व मंत्री राजेश मूरत का पुतला जलाया

रायपुर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Union Minister Jyotiraditya Scindia) के रायपुर आगमन के बाद से भाजपा का ड्रामा जारी है। दो दिन से चल रहे इस ड्रामे में अब कांग्रेस की भी एंट्री हो गई है। राजनांदगांव में रविवार दोपहर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के पूर्व मंत्री राजेश मूणत (Former Minister Rajesh Moonat) का पुतला जलाया। कांग्रेसियों का कहना है कि राजेश मूणत 15 साल मंत्री रहे, अब खुलेआम गालियां दे रहे हैं।

बता दें कि सोशल मीडिया पर पूर्व मंत्री राजेश मूणत का एक वीडियो (Video of former minister Rajesh Munat) वायरल हो रहा है। इसमें पुलिसकर्मियों से विवाद और फिर पूर्व मंत्री गालियां देते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजनांदगांव में कार्यकर्ता दोपहर में नारेबाजी करते हुए मानव मंदिर चौक पर पहुंचे और वहां पूर्व मंत्री राजेश मूणत का पुतला फूंका।

मूणत पर कार्रवाई की मांग

राजनांदगांव युवा कांग्रेस अध्यक्ष चेतन भानुशाली ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हैं। हम इसका विरोध करते हैं। राजेश मूणत 15 साल तक छत्तीसगढ़ में मंत्री रहे हैं, अब सार्वजनिक जगहों पर गालियां दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने राजेश मूणत पर कार्रवाई की मांग की है।

यहां से शुरू हुआ बवाल

ये बवाल केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के रायपुर दौरे के बाद से शुरू हुआ है। शनिवार शाम 4 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री रुद्र गुरु के बंगले के सामने खड़े मुंगेली से आए तीन-चार युवकों को पीट दिया। आरोप है कि वे लोग केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को काले झंडे दिखा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है, उनमें से कोई काला झंडा नहीं दिखा रहा था। पुलिस ने भाजपा के दो कार्यकर्ताओं को पकड़ा तो राजेश मूणत अफसरों से बदसलूकी पर उतर आए। इसके बाद से ही हंगामा जारी है।