Vedant Samachar

‘विकसित भारत’ का निर्माण ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव पर होगा-पीएम मोदी

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,22 फरवरी ।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में एचसीएल-फॉक्सकॉन के सेमीकंडक्टर संयंत्र का शिलान्यास करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ का निर्माण ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव पर होगा, जिसके लिए ‘मेड इन इंडिया’ चिप अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह पहल देश की तकनीकी निर्भरता को कम करेगी और वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की स्थिति मजबूत करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि विकसित भारत की नींव आत्म-निर्भरता के आधार पर रखी जाएगी, जिसके लिए भारत में निर्मित सेमीकंडक्टर चिप का होना बहुत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी ने एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन के संयुक्त उद्यम इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर संयंत्र का ऑनलाइन माध्यम से शिलान्यास करते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान छोटी चिप की कमजोर आपूर्ति शृंखला ने कई अर्थव्यवस्थाओं के विकास को रोक दिया था और विभिन्न कारखानों में काम ठप हो गया था।

प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, विकसित भारत का निर्माण तभी होगा जब भारत आत्मनिर्भर बनेगा। इसके लिए भारत में बनी चिप बहुत जरूरी हैं। इस दशक में भारत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जो भी कर रहा है, वह 21वीं सदी में हमारी क्षमता की नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत में चिप का निर्माण होने से हमारे आधुनिक उपकरणों के उत्पादन के लिए देश को अब दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कोविड-19 महामारी के दौरान चिप की आपूर्ति बाधित हुई, तो कारखाने ठप पड़ गए और वैश्विक अर्थव्यवस्थाएं लड़खड़ा गईं। भारत ने उस संकट से सबक लिया और उसे एक अवसर में बदल दिया।

हमने चिप विनिर्माण के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया और इसके लिए हम देश में एक संपूर्ण सेमीकंडक्टर परिवेश तैयार कर रहे हैं। एचसीएल ग्रुप और फॉक्सकॉन का संयुक्त उद्यम इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड ग्रेटर नोएडा के जेवर में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अंतर्गत एक आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओसैट) संयंत्र स्थापित करेगा। एचसीएल और फॉक्सकॉन की यह संयंत्र प्रौद्यागिकी के लिए एक ‘शक्ति के केंद्र’ के रूप में उत्तर प्रदेश की पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश से सांसद के रूप में अपनी भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, उत्तर प्रदेश का सांसद होने के नाते, यह मेरे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। यह सेमीकंडक्टर संयंत्र उत्तर प्रदेश और पूरे भारत के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगा।

Share This Article