Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में सट्टा खिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, 6570 रुपये नगद जब्त

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर चांपा, 22 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में सट्टा खिलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना चांपा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सट्टा-पट्टी लिखकर दांव लगवाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नगद राशि जब्त की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि शनि मंदिर रोड स्थित एक खुले स्थान पर किशोर धकाते नामक व्यक्ति कागज-पेन से सट्टा-पट्टी लिखकर रुपये-पैसे का दांव लगवा रहा है और हार-जीत का खेल संचालित कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी।

पुलिस को मौके पर आता देख वहां मौजूद अन्य लोग भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम किशोर धकाते पिता हीराराम धकाते, उम्र 36 वर्ष, निवासी बरछापारा चांपा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से सट्टा-पट्टी से संबंधित कागजात और 6570 रुपये नगद बरामद किए गए।

आरोपी के विरुद्ध थाना चांपा में अपराध क्रमांक 79/26 के तहत धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article