Vedant Samachar

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी लापरवाही उजागर, निरीक्षण में अव्यवस्था पर अधिकारियों को नोटिस…

Vedant Samachar
2 Min Read

अंबिकापुर,22फरवरी (वेदांत समाचार)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर में संभागीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में दवा वितरण केंद्र का रख-रखाव अव्यवस्थित पाया गया और एक्सपायरी दवाओं की सूची भी चस्पा नहीं थी, जिस पर अधिकारी ने नाराजगी जताई।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दवाओं का संधारण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए और एक्सपायरी सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। निरीक्षण के दौरान नेत्र सहायक अधिकारी लक्ष्मण ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

वहीं आरएसबीवाई ऑपरेटर लोकेन्द्र प्रताप सिंह भी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले, जिसके चलते उनके वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कई कर्मचारियों द्वारा उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं किए जाने की भी बात सामने आई, जिस पर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

संभागीय स्वास्थ्य अधिकारी ने चेतावनी दी है कि अगली जांच में यदि इसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

Share This Article