जैजैपुर, 4 फरवरी (वेदांत समाचार)। 4 फरवरी विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 सी के डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट “अवेयरनेस ऑफ पीडियाट्रिक कैंसर” के अंतर्गत “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम एवं निशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वर्ल्ड कैंसर डे 2026 की थीम “यूनाइटेड बाय यूनीक” पर आधारित था, जिसे लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट (क्लब नंबर 096456) के तत्वाधान में बुधवार, 4 फरवरी 2026 को पतंजलि आरोग्य केंद्र, जैजैपुर में संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में स्त्री, पुरुष एवं बच्चों में होने वाले सभी प्रकार के कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित क्षेत्र के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं लायंस क्लब एवरेस्ट के सचिव लायन नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने कैंसर के लक्षण, कारण एवं बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जंक फूड, फास्ट फूड के सेवन तथा गुटखा, गुड़ाखू, तंबाकू, धूम्रपान और मद्यपान को कैंसर का बड़ा कारण बताया और लोगों को इनसे दूर रहने की सख्त सलाह दी।
डॉ. शर्मा ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई, जिसमें उन्होंने न केवल स्वयं नशे से दूर रहने बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि कैंसर केवल चिकित्सा से नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच और सामूहिक सहयोग से भी जीती जाने वाली लड़ाई है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष की थीम “यूनाइटेड बाय यूनीक” रखी गई है, ताकि समाज कैंसर पीड़ितों के साथ खड़ा होकर उन्हें मानसिक संबल दे सके।
उन्होंने कहा कि कैंसर रोगियों में निराशा और नकारात्मकता बढ़ने से रोग और अधिक गंभीर हो जाता है, इसलिए रोगियों में सकारात्मकता का भाव जगाना बेहद आवश्यक है। डॉ. शर्मा ने गोमूत्र को सभी प्रकार के कैंसर के बचाव एवं उपचार के लिए श्रेष्ठ और निरापद औषधि बताते हुए कहा कि इसके नियमित सेवन से कैंसर होने की संभावना नगण्य रहती है, वहीं कैंसर रोगियों में इसके सेवन से स्वस्थ होने की संभावना बढ़ती है। इसके अलावा हल्दी, गिलोय, नीम, तुलसी, अदरक, लहसुन और व्हीटग्रास के नियमित सेवन को भी कैंसर से बचाव में उपयोगी बताया।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को सभी प्रकार के कैंसर के लिए उपयोगी “एंटी कैंसर क्वाथ” का निशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में लायंस क्लब एवरेस्ट के सचिव लायन नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा, पतंजलि आरोग्य केंद्र जैजैपुर के संचालक सुरेंद्र यादव के साथ-साथ नेत्रनंदन साहू, अश्विनी बुनकर, लक्की यादव एवं सरिता यादव की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने और आयुर्वेद व योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
