Vedant Samachar

कुसमुंडा खनन क्षेत्र में डीजल चोरी का प्रयास विफल, TSR जवानों की सजगता पर SECL सीएमडी ने किया सम्मान

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 21 फरवरी (वेदांत समाचार)। कुसमुंडा खनन क्षेत्र में डीजल चोरी की एक बड़ी घटना को त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (TSR) के जवानों ने अपनी सतर्कता और तत्परता से विफल कर दिया। 13 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 3:20 बजे चार अज्ञात व्यक्ति एसईसीएल की वर्दी पहनकर सुरक्षा कर्मियों को भ्रमित करने के उद्देश्य से बोलेरो वाहन क्रमांक CG12BU6108 से अवैध रास्ते से खदान क्षेत्र में प्रवेश कर गए। आरोपियों द्वारा 10 प्लास्टिक कंटेनरों में करीब 170 लीटर डीजल भरकर चोरी कर फरार होने का प्रयास किया जा रहा था।

TSR सुरक्षा कर्मियों ने संदिग्ध गतिविधि को भांपते हुए वाहन की पहचान की और त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की सहायता से उसे रोकने का प्रयास किया। पकड़े जाने की आशंका से आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जवानों ने वाहन से 170 लीटर डीजल बरामद कर चोरी की कोशिश को नाकाम कर दिया।

यह कार्रवाई TSR उप कमांडेंट मिहिर दत्ता के निर्देशन में नायक सूबेदार राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में राइफलमैन अमन टोप्पो, गोपाल दास, गेब्रियल केरकेट्टा, गुरुपदा गोपे तथा नायक बिश्नु उरांव द्वारा संयुक्त रूप से की गई। जवानों की इस सतर्क एवं साहसिक कार्रवाई की व्यापक सराहना की गई।

उक्त घटना के बाद आज शनिवार को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के सीएमडी हरीश दुहन की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में TSR जवानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन एवं सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर वी. दक्षिणामूर्ति की उपस्थिति में सभी जवानों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए।

SECL प्रबंधन ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और उत्कृष्ट टीमवर्क की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे कंपनी की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

Share This Article