दुर्ग ,21फरवरी (वेदांत समाचार)। दुर्ग हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान शनिवार को दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले के दो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए केंद्राध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सेजस रिसाली और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा टंकी पहुंचकर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने परीक्षा भवन में पेयजल, बिजली आपूर्ति और परीक्षार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
पानी बोतल की अनुमति पर स्टीकर हटाना जरूरी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को परीक्षा हॉल में बिना स्टीकर लगी पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में परीक्षा प्रभावित न हो। कलेक्टर ने केंद्राध्यक्षों को परीक्षा की पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के समय सहायक संचालक शिक्षा सीमा नायक, संबंधित केंद्राध्यक्ष और अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
10वीं का पेपर रहा आसान
शनिवार को हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के तहत कक्षा 10वीं का हिन्दी विषय का पेपर आयोजित किया गया था। विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर काफी अच्छा रहा। सेजस रिसाली केंद्र में 49 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा टंकी में 159 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
