विनीत चौहान,बिलासपुर, 20 फरवरी 2026। प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने की।
समारोह में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी तथा नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई एवं तिलक राज सलूजा की उल्लेखनीय सेवाओं का सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया। अतिथियों ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रेस क्लब ने संगठनात्मक मजबूती के साथ पत्रकार हितों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।

हाल ही में संपन्न चुनाव में अजीत मिश्रा को प्रेस क्लब बिलासपुर का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उपाध्यक्ष पद पर विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप परिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिशंकर गंगवानी तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में कैलाश यादव चुने गए हैं।
मुख्य अतिथि अरुण साव ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा कि एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ यह टीम बिलासपुर का नाम और ऊंचा करेगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रेस क्लब से अनेक वरिष्ठ पत्रकार राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं और नई टीम इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए निरंतर मेहनत, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर जोर दिया तथा नवोदित पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता रेखांकित की।
उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही प्रेस क्लब भवन के कायाकल्प का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने न्यायधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को सशक्त बनाने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि लोकतंत्र में प्रेस को चौथे स्तंभ का दर्जा प्राप्त है और मीडिया समाज एवं शासन के बीच सेतु का कार्य करती है। विधायक अटल श्रीवास्तव ने प्रेस क्लब की क्षेत्रीय मुद्दों में सक्रिय भूमिका की सराहना की, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला ने निष्पक्ष पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया तथा उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने आभार व्यक्त किया। समारोह ने प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के प्रति विश्वास और अपेक्षाओं को नई दिशा प्रदान की।
