रायगढ़,20 फरवरी(वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान संचालित हो रहे अंतरराज्यीय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता के एक होटल में छापा मारकर 5 नामी सटोरियों सहित 7 लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 1 कैलकुलेटर और नकद ₹3,600 सहित करीब 6 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में पिछले एक माह में करोड़ों रुपये के दांव लगने का खुलासा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान सक्रिय सट्टा गिरोह पर पुलिस की विशेष नजर थी। पूर्व में क्रिकेट सट्टा प्रकरणों में फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय से स्थायी वारंट जारी हुए थे, जिनकी तामिली के लिए पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही थी।
विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि फरार वारंटी कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। सूचना पर साइबर थाना, चक्रधरनगर थाना और कोतवाली थाना की संयुक्त टीम को तत्काल कोलकाता रवाना किया गया। टीम ने हावड़ा स्थित एक होटल में दबिश देकर स्थायी वारंटी धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूख और रोहित बुटानी को गिरफ्तार किया। मौके पर उनके साथ अंकित सराफ और अजीत विश्वास भी मिले, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोबाइल के माध्यम से सट्टा लगाने वालों से संपर्क कर ऑनलाइन जेएमडी क्रिकेट बेटिंग ऐप के जरिए दांव लगवाते थे। पूरा नेटवर्क ऑनलाइन संचालित होता था और विभिन्न राज्यों से सट्टेबाज जुड़े हुए थे। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और हिसाब-किताब के दस्तावेजों की जांच में सामने आया है कि पिछले एक महीने में करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में भी थाना कोतवाली एवं साइबर सेल द्वारा क्रिकेट सट्टा प्रकरण में कार्रवाई की गई थी, जिसमें अपराध क्रमांक 173/2025 धारा 7 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी प्रकार थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 169/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज हुआ था। इन मामलों में कई आरोपी फरार चल रहे थे, जिनके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी हुए थे।
इस ताजा कार्रवाई से थाना कोतवाली के 4 और थाना चक्रधरनगर के 5, कुल 9 स्थायी वारंटों की तामिली की गई है। गिरफ्तार स्थायी वारंटियों में धर्मेंद्र शर्मा (53 वर्ष), शेख मोहम्मद शाहबाज (33 वर्ष), मोहम्मद मजहर (35 वर्ष), मोहम्मद फारूख (39 वर्ष) और रोहित बुटानी (31 वर्ष) शामिल हैं। अंकित सराफ और अजीत विश्वास से पूछताछ जारी है।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जुआ-सट्टा से जुड़े आरोपी कहीं भी छिपे हों, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और रायगढ़ में जुआ-सट्टा पूर्णतः बंद कराने के लिए हर सटोरी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
