Vedant Samachar

Korba News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, पूर्व कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू घरघोड़ा से गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा/कटघोरा, 20 फरवरी (वेदांत समाचार)। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में कटघोरा में पदस्थ रहे पूर्व कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके गृह क्षेत्र घरघोड़ा, जिला रायगढ़ से पकड़ा गया। पुलिस ने मामले में आगे की विवेचना जारी होने की जानकारी दी है।

कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि क्षेत्र की एक युवती ने बुधवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी राहुल साहू ने उससे शादी का वादा कर पिछले एक वर्ष से शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार इसी माह दोनों की शादी तय करने की बात कही गई थी, जिसके बाद उसका परिवार विवाह की तैयारियों में जुट गया था।

बताया गया कि अचानक आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। परिवार द्वारा समझाने और बात करने की कोशिश के बावजूद जब वह राजी नहीं हुआ तो पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल प्रारंभिक जांच शुरू की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपी का लोकेशन घरघोड़ा, जिला रायगढ़ में मिलने पर गुरुवार को पुलिस टीम वहां रवाना हुई। दबिश देकर आरोपी राहुल साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

Share This Article