Vedant Samachar

अब अमृत सरोवर स्थलों पर होगा ‘सरोवर संवाद’ : विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम के प्रावधानों एवं अधिकारों पर होगी चौपाल पर चर्चा

Vedant samachar
3 Min Read

0 विशेष सूचनात्मक सत्रों के माध्यम से ग्रामीणों को किया जाएगा जागरूक

कोरबा/02 फरवरी, 2026। विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों एवं कानूनी अधिकारों की जन-जागरूकता के उद्देश्य से जिले के समस्त अमृत सरोवर स्थलों पर सरोवर संवाद का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में यह आयोजन विशेष सूचनात्मक सत्रों के रूप में चौपाल पर चर्चा के माध्यम से किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत की संसद द्वारा पारित विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एण्ड आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी जी राम जी एक्ट, 2025 देश के विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय विजन के अनुरूप एक ऐतिहासिक कानून है, जो अब तक लागू महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम मनरेगा का स्थान लेगा। इस नये अधिनियम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है, साथ ही सशक्त ग्राम पंचायत योजनाओं के माध्यम से टिकाऊ एवं उत्पादक परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष बल दिया गया है।

मिशन अमृत सरोवर के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार, अमृत सरोवर स्थलों को सामाजिक पहलों, राष्ट्रीय पर्वों एवं सामुदायिक गतिविधियों के केन्द्र के रूप में विकसित किया जाना है। इसी क्रम में, ग्राम पंचायत स्तर पर अमृत सरोवर स्थलों पर विकसित भारत जी राम जी एक्ट 2025 के प्रमुख प्रावधानों एवं अधिकार-आधारित लाभों की जानकारी देने हेतु चौपाल पर चर्चा/सरोवर संवाद आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन संवाद सत्रों से ग्रामीणों को 125 दिनों की बढ़ी हुई रोजगार गारंटी मजदूरी, महिला कामगारों, अनुसूचित जाति-जनजाति परिवारों एवं कमजोर वर्गों के लिए उपलब्ध अधिकारों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जायेगी।

सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग के द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं पंचायती राज संस्थानों को निर्देशित किया है कि सभी अमृत सरोवर स्थल पर चौपाल पर चर्चा/सरोवर संवाद का आयोजन किया जाए,जिसमें ग्रामीणों, महिला कामगारों, अनुसूचित जाति/जनजाति परिवारों एवं कमजोर वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।आयोजित गतिविधियों का समुचित दस्तावेजीकरण किया जाए।पंचायत निर्णय ऐप के माध्यम से जियो-टैग्ड फोटोग्राफ एवं वीडियो के साथ आयोजन का विवरण अपलोड किया जाए।

Share This Article