Vedant Samachar

रायगढ़ में अपराध समीक्षा बैठक: अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस, होली से पहले सख्ती के निर्देश

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़, 19 फरवरी 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में एसएसपी ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग से पूर्व अनुविभाग स्तर पर थाना प्रभारियों और विवेचकों की बैठक लेकर गंभीर अपराधों की समीक्षा की जाए। सामान्य अपराधों—मारपीट, जुआ-सट्टा और आबकारी प्रकरण—का सात दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट या अन्य तकनीकी कारणों से प्रकरण लंबित न रहें, इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।

बीट सिस्टम मजबूत करने पर जोर

एसएसपी ने जिले में लागू बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। प्रत्येक बीट प्रभारी को अपने क्षेत्र की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और घटनाओं की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाने को कहा गया। लंबित अपराध, गुम इंसान, मर्ग और शिकायतों की समीक्षा कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा हिट एंड रन मामलों की नियमित समीक्षा के लिए यातायात डीएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

टेक्नोलॉजी के अधिक उपयोग के निर्देश

बैठक में रेंज स्तरीय “सशक्त ऐप” के माध्यम से चोरी के वाहनों की ट्रेसिंग, जिले के सीसीटीवी कैमरों को “त्रिनयन ऐप” से जोड़ने और नागरिकों को “साइबर प्रहरी” से जोड़ने पर जोर दिया गया। थाना आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से “अनुभव” गूगल फॉर्म के जरिए फीडबैक लेने और नवीन कानूनों के तहत अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

होली को लेकर विशेष सतर्कता

आगामी होली पर्व को देखते हुए असामाजिक तत्वों की पहचान कर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विज़ुअल पुलिसिंग के तहत तीन सवारी, ड्रिंक एंड ड्राइव और अन्य यातायात उल्लंघनों पर सख्ती बरतने को कहा गया।

“ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौवंश तस्करी पर विशेष निगरानी तथा “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब, जुआ-सट्टा और वैश्यावृत्ति जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। जिस थाना क्षेत्र में लापरवाही पाई जाएगी, वहां के प्रभारी के विरुद्ध जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article