Vedant Samachar

CG NEWS:कलेक्ट्रेट परिसर स्थित हनुमान मंदिर में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Vedant samachar
2 Min Read

अंबिकापुर, 05 फरवरी। शहर में सक्रिय शातिर चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे धार्मिक स्थलों को भी नहीं बख्श रहे हैं। ताजा मामला कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में स्थित हनुमान मंदिर का सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने मंदिर की दान पेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में नकाबपोश चोर मंदिर में घुसते हुए और दान पेटी को तोड़कर नकदी निकालते हुए साफ नजर आ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखा गया। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर आस्था का केंद्र है और ऐसे स्थान पर चोरी की घटना बेहद निंदनीय है।

चौंकाने वाली बात यह है कि यह हनुमान मंदिर कलेक्ट्रेट कार्यालय और एसपी कार्यालय परिसर के भीतर स्थित है, जिसे शहर के सबसे सुरक्षित इलाकों में गिना जाता है। इतने संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में चोरी की घटना सामने आने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात चोरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, वहीं श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article