Vedant Samachar

कटघोरा में बड़ा हादसा टला, ईंटों से भरा ट्रैक्टर पलटा, बाल-बाल बचे लोग

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा, 30 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत झोराघाट पिकनिक स्पॉट जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ईंटों से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना आज दोपहर के समय की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर में भारी मात्रा में ईंटें लदी हुई थीं। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली सहित पलट गया। पलटने के बाद ट्रॉली में लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ समय के लिए मार्ग अवरुद्ध हो गया।

हादसे के समय आसपास कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति ट्रैक्टर की चपेट में नहीं आया। इस कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। लोगों की मदद से एक अन्य ट्रैक्टर की सहायता लेकर पलटे हुए वाहन को सीधा करने का प्रयास किया गया।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की जा रही है।

Share This Article