Vedant Samachar

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 19 फरवरी । शेयर मार्केट में निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 8 करोड़ 45 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पेन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 420 और 34 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा, सक्ती जिला सक्ती ने दिनांक 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे एकाउंटेंट का कार्य करते हैं और वर्ष 2021 में चांपा में मेदी लाल देवांगन के माध्यम से उनकी पहचान कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। विश्वजीत ने शेयर मार्केट में निवेश कराने और प्रति माह पांच प्रतिशत ब्याज देने का प्रलोभन दिया। साथ ही अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का भी आश्वासन दिया गया।

आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी एवं अन्य लोगों ने कुल 8,45,00,000 रुपये नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से निवेश कर दिए। प्रारंभ में कुछ निवेशकों को एक-दो माह तथा कुछ को आठ माह तक पांच प्रतिशत ब्याज दिया गया, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने कंपनी में घाटा होने और जल्द ही पूरी राशि लौटाने का झूठा आश्वासन देकर भुगतान बंद कर दिया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने छलपूर्वक स्वयं के लाभ के लिए निवेशकों से धोखाधड़ी की।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 35/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी विश्वजीत देबनाथ को ईटला पोड़ा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया, पश्चिम बंगाल से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की राशि से एक क्रेटा कार खरीदना, सोना लेना, घर का रंगरोगन कराना तथा सोना आईडीबीआई बैंक में रखना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित दस्तावेज और सामान जब्त किया है।

पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों एवं संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पो तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article