कोरबा, 18 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांधपाली में गोठान के पास आज तड़के एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बहादुर सिंह अगरिया (लगभग 50 वर्ष), निवासी बांधपाली के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव के चेहरे पर जलन जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं, वहीं एक पैर भी टूटा हुआ नजर आ रहा है। शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य नहीं लग रही हैं, जिससे शक और गहरा गया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला किसी दुर्घटना का है या फिर हत्या कर शव को वहां लाकर फेंका गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
