जांजगीर-चांपा, 18 फरवरी 2026। सारागांव थाना पुलिस ने चाकू से प्राणघातक हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस पहले ही इस प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ मामले में अहम कड़ी जुड़ गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम नरेंद्र यादव (उम्र 19 वर्ष), निवासी बोरसी पामगढ़ है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और दबिश कार्रवाई के बाद उसे उसके ठिकाने से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई।
घटना 10 फरवरी 2026 की शाम की है, जब घायल गौरव बरेठ अपने दोस्तों के साथ एक बारात में ग्राम अफरीद गया था। उसी कार्यक्रम में बोरसी पामगढ़ से भी एक अन्य बारात आई हुई थी। नाचने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मना करने के बावजूद नाचने को लेकर कहासुनी बढ़ी और आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से गौरव बरेठ और उसके साथी सागर बरेठ पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों घायलों को गंभीर हालत में बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम और वैज्ञानिक अधिकारी ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की। अस्पताल में भर्ती घायल गौरव बरेठ का कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष मृत्युकालिक कथन भी दर्ज कराया गया।
इस प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1), 191(2), 191(3), 296 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी और जांच कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, एएसआई राजेश सिंह, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
