Vedant Samachar

रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:10 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह की दो महिलाएं गिरफ्तार

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,18 फरवरी(वेदांत समाचार)। राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 किलोग्राम गांजा के साथ दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। पुलिस को 17 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान के पास दो महिलाएं गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम खिलेश्वरी वर्मा (18 वर्ष) निवासी भनपुरी, रायपुर तथा इसरत बानो (21 वर्ष) निवासी शहडोल, मध्यप्रदेश बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 10 किलो गांजा बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 137/26 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रकरण में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है और एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट द्वारा गांजा तस्करी के 14 प्रकरणों में 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर 141.768 किलोग्राम गांजा सहित लगभग 83.25 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की जा चुकी है।

Share This Article