बिलासपुर ,18 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिले के पचपेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम चिल्हाटी में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्राली में सवार दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहर्सी निवासी मंसाराम तिवारी उर्फ चौटाला पेशे से ट्रैक्टर चालक थे, जो मंगलवार रात करीब 8:30 बजे सेमराडीह से ईंट खाली कर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान चिल्हाटी स्थित दर्री तालाब के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और सीधे तालाब में जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर पलटते ही चालक मंसाराम इंजन के भारी मलबे के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं ट्राली में बैठे श्रमिक बाबूलाल गोंड और विनय कुमार गोंड छिटककर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और जेसीबी मशीन की मदद से घंटों मशक्कत के बाद चालक के शव को इंजन के नीचे से बाहर निकाला जा सका। दर्री तालाब का यह हिस्सा सड़क से बिल्कुल सटा हुआ और खतरनाक ढलान वाला है, जहां पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
