Vedant Samachar

बिलासपुर में खौफनाक लूट: ज्वेलरी कारोबारी पर फायरिंग, सिर पर कट्टे से हमला कर बदमाश फरार, मौके पर पहुंचे IG, CCTV खंगाले जा रहे, नाकेबंदी तेज

Vedant samachar
3 Min Read

विनीत चौहान,बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार देर रात हुई सनसनीखेज लूट की वारदात से शहर में हड़कंप मच गया। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर सिटी, राजकिशोर नगर के पास अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी संतोष तिवारी पर हमला कर ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया।

जानकारी के अनुसार, संतोष तिवारी अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बाइक और कार सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। खुद को घिरता देख कारोबारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने फायरिंग की कोशिश की और कट्टे से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

घटना के बाद बदमाश ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गए, लेकिन जल्दबाजी में वे अपनी बाइक और वैन मौके पर ही छोड़ गए। पुलिस का मानना है कि ये वाहन आरोपियों की पहचान तक पहुंचने में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।

IG मौके पर पहुंचे, खुद संभाली स्थिति

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए। रामगोपाल गर्ग स्वयं मौके पर काफी देर तक मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घायल कारोबारी के स्वास्थ्य की स्थिति पर भी लगातार नजर बनाए रखी।

CCTV और नाकेबंदी से तेज हुई तलाश

सरकंडा थाना पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सराफा एसोसिएशन का बयान

घटना को लेकर व्यापारिक वर्ग में गहरा आक्रोश है। सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा— यह बिलासपुर में बड़ी लूट की घटना है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि हमारे साथी संतोष तिवारी जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ हों। बिलासपुर पुलिस पर हमें पूरा भरोसा है और हमें विश्वास है कि लुटेरों तक जल्द पहुंचा जाएगा।”

शहर में दहशत, सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर शहर की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी वर्ग ने पुलिस प्रशासन से पेट्रोलिंग बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article