जांजगीर-चांपा,17 फरवरी(वेदांत समाचार)। श्रमिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑडिटोरियम जांजगीर में आज मंगलवार को श्रमिक जन संवाद/श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने की।
सम्मेलन के दौरान श्रमिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को अलग-अलग योजनाओं के अंतर्गत कुल 1 करोड़ 37 लाख 2 हजार 294 रुपये की आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने कहा कि श्रमिकों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से श्रमिकों में जागरूकता बढ़ती है और अधिक से अधिक पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ उठा पाते हैं। उन्होंने इसे श्रमिकों से सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही। इनमें पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, नंदकुमार चौधरी, विकास शर्मा, पंकज अग्रवाल, अनिल शर्मा, हितेश यादव, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, इंद्रावती जांगड़े और संजय शर्मा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए।
