जांजगीर-चांपा,17 फरवरी(वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इन हादसों में एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। पहली घटना ग्राम हाथनेवरा में हुई, जहां रवि पटेल (25) पुत्र सम्मेलाल पटेल को विपरीत दिशा से आ रही एक चारपहिया इक्को वाहन ने टक्कर मार दी।
इस हादसे में रवि के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसमें से एक पैर फ्रैक्चर हो गया। उन्हें तत्काल शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना जगदल्ला-सिवनी मार्ग पर हुई। चांपा सदर बाजार के डोंगाघाट निवासी तुलसीदास महंत (60) साइकिल से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ‘छोटा हाथी’ वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग तुलसीदास महंत की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक उन्हें बीडीएम अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मर्चुरी में रखवाया गया है और मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। चांपा पुलिस ने ‘छोटा हाथी’ वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार और यातायात नियंत्रण की कमी नहीं होने के कारण ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं।
