0.लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष पत्रकारिता जरूरी: लखन लाल देवांगन
कोरबा,17 फरवरी(वेदांत समाचार)। जिला स्तरीय पत्रकार मिलन एवं सम्मान समारोह 2026 सोमवार को जेआरसी खेल मैदान, विकास नगर कुसमुण्डा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की कुसमुण्डा इकाई द्वारा किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे। समारोह ने पत्रकारों के बीच एकजुटता, संवाद और संगठनात्मक मजबूती का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि प्रेमचंद पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता संघ के प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई ने की। इस अवसर पर कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह के दौरान वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्य और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने बदलते समय में मीडिया की बढ़ती जिम्मेदारियों, डिजिटल युग की चुनौतियों और निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला हैं और शासन व समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता से ही समाज में पारदर्शिता और विश्वास कायम रहता है।
कार्यक्रम के दौरान मंच से मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा प्रेस क्लब के लिए स्वीकृत 50 लाख रुपये की राशि में से 10 लाख रुपये कुसमुण्डा के पत्रकारों को भवन निर्माण हेतु देने का आग्रह रखा गया। इस पर प्रेस क्लब कोरबा के अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने मंत्री के मत से सहमति जताते हुए सहयोग राशि में से 10 लाख रुपये कुसमुण्डा में पत्रकार भवन निर्माण के लिए देने का आश्वासन दिया। इस घोषणा के बाद कुसमुण्डा श्रमजीवी पत्रकार संघ के सदस्यों में विशेष उत्साह देखा गया। संघ के सभी सदस्यों ने मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राजेंद्र जायसवाल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते दौर में भी पत्रकारिता की मूल पहचान को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पत्रकारिता की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे लोगों की पहचान कर पत्रकारिता की गरिमा को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह ने जिले के पत्रकार समुदाय में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और संगठनात्मक एकता का संचार किया तथा पत्रकारिता के मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
