Vedant Samachar

कोरबा में ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, काटा गया चालान

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 16 फरवरी (वेदांत समाचार)। कोरबा में यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए कोरबा यातायात पुलिस द्वारा ब्लैक फिल्म लगी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर जांच अभियान चलाकर नियम विरुद्ध काली फिल्म चढ़ी गाड़ियों को रोककर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहनों की सघन जांच की और जिन चारपहिया वाहनों के शीशों पर निर्धारित मानक से अधिक काली फिल्म पाई गई, उन्हें मौके पर ही हटवाया गया। साथ ही संबंधित वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई।

यातायात विभाग ने बताया कि ब्लैक फिल्म लगे शीशे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर खतरा पैदा करते हैं, जिससे वाहन के अंदर की गतिविधियां स्पष्ट नहीं दिखतीं और आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

एएसआई मनोज राठौर ने शहर के मुख्य चौराहों पर जांच के दौरान वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार तय सीमा से अधिक काली फिल्म का उपयोग प्रतिबंधित है। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article