कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा नगर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन ने रविवार को शहर के विभिन्न शिवालयों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा विकास कार्यों की सौगात दी।
जेसीआई कोरबा द्वारा मोतीसागर बस्ती के समीप मुक्तिधाम में स्थापित भगवान शंकर की 18 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का मंत्री देवांगन ने विधिवत पूजन-अर्चना के साथ अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने जेसीआई कोरबा के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महापौर कार्यकाल के दौरान मुक्तिधाम का कायाकल्प किया गया था और वर्तमान में संस्था द्वारा इसका सुव्यवस्थित संचालन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में टी.एन. बजाज, अभिषेक अग्रवाल, राम कुमार सोनी, रोहित असरानी, निश्छल टमकोरिया, पी.एस. गांधी, सभापति नूतन सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद रूबी सागर, राधा महंत, तामेश अग्रवाल, नरेंद्र देवांगन, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा तथा अग्रवाल सभा अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मंत्री देवांगन मानिकपुर में आयोजित भगवान शंकर की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए और मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की। नेहरू नगर कुआं भट्ट में महिला समिति द्वारा आयोजित रुद्राभिषेक कार्यक्रम में शामिल होकर मंदिर परिसर में किचन शेड निर्माण हेतु 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
बालको नगर के परसा भाटा बिहीबड़ी में नवनिर्मित शंकर मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में भी उन्होंने सहभागिता की और समिति की मांग पर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
वहीं, बुधवारी बस्ती में गौरी शंकर मंदिर के समीप 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह, पार्षद सुख सागर निर्मलकर, पंकज देवांगन, नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, ममता यादव, प्रफुल्ल तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
